Nandi News

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में पुरा छात्र मिलन समारोह आयोजित

Share on Social Media

वाराणसी, 28.10.2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में बुधवार को एमएससी (वनस्पति विज्ञान) के 1976–1978 बैच के पुरा छात्रों ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गोल्डन जुबली मिलन समारोह आयोजित किया। विभाग के समिति कक्ष में आयोजित इस समारोह में पुरा छात्रों ने अपने शिक्षकों से मुलाकात की और अध्ययन के दिनों की स्मृतियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्हें पढ़ाने, मार्गदर्शन देने और प्रेरित करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
प्रो. आर. पी. सिन्हा, विभागाध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान विभाग ने अपने संबोधन में कहा कि यह विभाग के लिए पहला अवसर है जब स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के 50 वर्ष बाद पुरा छात्रों का मिलन समारोह आयोजित हो रहा है। ऐसे आयोजन पुरा छात्रों को अपने शिक्षकों एवं सहकर्मियों से पुनः जुड़ने तथा पुरानी स्मृतियों, आत्मीयता और अनुभवों को साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह में बैच की शैक्षणिक यात्रा पर आधारित चित्रात्मक प्रस्तुति भी दी गई। पुरा छात्रों ने एमएससी के दौरान के अपने अनुभवों तथा उसके बाद के व्यावसायिक जीवन की यात्रा साझा की। इस अवसर पर अध्ययन के दिनों की साझा स्मृतियों पर आधारित एक सुंदर स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
समारोह में डॉ. पी. के. नंदी, डॉ. मधूलिका अग्रवाल, श्री वी. के. दीक्षित, डॉ. टी. के. चौधरी, श्री पी. वी. एस. राम कृष्ण, श्री योगेंद्र राय, डॉ. जे. ए. खान तथा श्री के. वी. वी. एस. राजू सहित बैच के पुरा छात्रों ने सहभागिता की। विभाग के शिक्षकों ने सभी पुरा छात्रों एवं उनके परिवारों को इस विशेष अवसर पर एक साथ मिलकर समारोह मनाने के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखी एवं प्रसन्न जीवन की कामना की।

Leave a Comment