स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति – नवीनतम तकनीकें : बेहतर परिणाम विषय पर विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक चिकित्सा के नवीन आयाम

एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड पीजीआई, वाराणसी द्वारा मिर्जापुर स्थित कोणार्क ग्रैंड होटल में स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति – नवीनतम तकनीकें : बेहतर परिणाम विषय पर एक भव्य सतत चिकित्सीय शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईएमए, आईडीए एवं नीमा के संयुक्त तत्वाधान में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों एवं उन्नत उपचार पद्धतियों की जानकारी चिकित्सा समुदाय तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह, चेयरमैन, एपेक्स हॉस्पिटल एवं डॉ स्वरूप पटेल निदेशक के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक चिकित्सकों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों ने सहभागिता की।वैज्ञानिक सत्र में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने-अपने विषयों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए।कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल ने कैंसर उपचार में इम्यूनोथेरेपी एवं अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीकों, स्पाइन सर्जन डॉ. अमन वर्मा ने ऑर्थोपेडिक्स में दूरबीन विधि से स्पाइन एवं जोड़ प्रत्यारोपण रोबोटिक सर्जरी में आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता और स्पाइन सर्जरी एवं उससे संबंधित जटिलताओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। यूरॉलॉजिस्ट एवं किड्नी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार ने लेजर तकनीक द्वारा ब्लडलेस प्रोस्टेट एवं स्टोन सर्जरी के विषय में जानकारी दी, वहीं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज़ ने ईसीजी के आधारभूत सिद्धांतों पर व्यावहारिक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्टिव सेशन आयोजित हुआ, जिसमें उपस्थित चिकित्सकों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर आईएमए मीरजापुर के अध्यक्ष डॉ. एच. पी. सिंह — अध्यक्ष एवं सचिव डॉ. एस. एन. पाठक, नीमा सचिव डॉ. मनोज कुमार सिंह, अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार मौर्य, आईडीए अध्यक्ष डॉ. पियूष कुमार जैन सचिव डॉ. राजेश यादव के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। एपेक्स हॉस्पिटल निरंतर आधुनिक चिकित्सा तकनीकों एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य तक पहुँचाने हेतु प्रतिबद्ध है।
संजीव शर्मा