Nandi News

एटम्स परीक्षा ने दी नई उड़ान, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

Share on Social Media


संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल कोइराजपुर द्वारा आयोजित ” अतुलानंद टेस्ट ऑफ मेरिट स्कॉलरशिप (एटम्स)” परीक्षा के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि ‘एटम्स’ परीक्षा के अंतर्गत कक्षा 6 के चयनित विद्यार्थियों को आगामी तीन वर्षों (कक्षा 6 से 8) तथा कक्षा 9 के विद्यार्थियों को दो वर्षों (कक्षा 9 एवं 10) तक उनकी प्रदर्शन के अनुसार 100 प्रतिशत, 75 प्रतिशत एवं 50 प्रतिशत तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर गिलट बाजार शाखा के कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने भी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। समारोह में सभी मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ,उपनिदेशक श्री आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ.नीलम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे जिसने विद्यार्थियों में असीम ऊर्जा का संचार किया।
विद्यालय के सचिव श्री राहुल सिंह ने कहा कि “प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिल जाए, तो वह निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धियों का आधार बनती है। एटम्स परीक्षा इसी दिशा में एक सशक्त पहल है।” उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में उनका सहयोग और विश्वास सबसे बड़ी शक्ति होता है। निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “यह सम्मान केवल आपकी उपलब्धि नहीं, बल्कि आपके संघर्ष, धैर्य और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इसे एक नई शुरुआत के रूप में लें और और अधिक ऊँचाइयों को छुएँ।”
प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं। जो विद्यार्थी निरंतर प्रयास करते हैं, वही जीवन में आगे बढ़ते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी एवं वर्तमान सत्र से सीबीएसई द्वारा विभिन्न विषयों के चुनाव हेतु लागू किए गए नियमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना रहा। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके सतत प्रगति की कामना की।

Leave a Comment