Nandi News

इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, राजीव गांधी दक्षिण परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, एमबीए (एग्रीबिजनेस) के नवप्रवेशी विद्यार्थियों हेतु दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन

Share on Social Media

वाराणसी, 01.08.2026।

इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, राजीव गांधी दक्षिण परिसर (आरजीएससी), काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 31 जुलाई एवं 01 अगस्त, 2026 को एमबीए (एग्रीबिजनेस) सत्र 2026–28 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. बी. एम. एन. कुमार, प्रोफेसर-इन-चार्ज, राजीव गांधी दक्षिण परिसर, बीएचयू के प्रेरणादायी संबोधन एवं विद्यार्थियों को दिए गए आशीर्वचन (Blessings to the Students) से हुआ। इसके पश्चात प्रो. एस. के. दुबे, डीन एवं विभागाध्यक्ष, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, बीएचयू ने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, उत्कृष्टता एवं भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। प्रो. अभिजीत सिंह, प्रोफेसर एवं कोर्स कोऑर्डिनेटर, एमबीए (एग्रीबिजनेस), इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, बीएचयू ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया तथा उन्हें अनुशासन, समर्पण, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में सफलता प्राप्त करने का मंत्र दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रबंधक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में विद्यार्थियों के व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास पर केंद्रित विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। प्रो. आर. के. लोढ़वाल ने “Professional Development & Career Opportunities for MBAs” विषय पर प्रबंधन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों एवं व्यावसायिक दक्षताओं पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात प्रो. अमित गौतम ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट की तैयारियों पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि उन्हें उद्योग (Industry) की वर्तमान एवं भावी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए तथा अपने ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण का निरंतर विकास करना चाहिए। अंत में डॉ. राज किरण प्रभाकर ने विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभावी संचार, नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान दृष्टिकोण, टीमवर्क तथा समस्या-समाधान कौशल एक सफल प्रबंधक की पहचान हैं।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री राजेश कुमार, डायरेक्टर, Obeetee Private Limited, मिर्जापुर के प्रेरणादायी व्याख्यान से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने, प्रभावी Communication Skills विकसित करने, कार्यस्थल पर Professional Ethics का पालन करने तथा समग्र व्यक्तित्व विकास (Overall Personality Development) पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत प्रो. आशिष सिंह ने विद्यार्थियों को राजीव गांधी दक्षिण परिसर (RGSC) के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध संसाधनों तथा सीखने के अनुकूल परिसर संस्कृति से परिचित कराया। प्रो. एस. पी. सिंह ने समय के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासित, सकारात्मक एवं सदैव प्रेरित रहने का संदेश दिया। इसके बाद डॉ. दीपिका कौर ने “Finance for Agribusiness Professionals” विषय पर व्याख्यान देते हुए एग्रीबिजनेस क्षेत्र में वित्तीय प्रबंधन, वित्तीय निर्णय एवं करियर अवसरों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में डॉ. राजीव कुमार, सहायक प्रोफेसर, एमबीए (एग्रीबिजनेस) ने “Development of Research Skills for Managerial Success” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि एक सफल प्रबंधक के लिए शोध कौशल, आलोचनात्मक चिंतन (Critical Thinking), समस्या-समाधान क्षमता, डेटा विश्लेषण तथा साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में अनुसंधान-आधारित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि एमबीए (एग्रीबिजनेस) सत्र 2026–28 की सभी 59 स्वीकृत (Sanctioned) सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुका है। साथ ही, इस वर्ष कार्यक्रम में घाना (पश्चिम अफ्रीका) से एक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी ने भी प्रवेश लिया है, जो संस्थान की बढ़ती वैश्विक पहचान एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी स्वीकार्यता को दर्शाता है।


यह दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम डॉ. राजीव कुमार, सहायक प्रोफेसर, एमबीए (एग्रीबिजनेस), इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, राजीव गांधी दक्षिण परिसर, बीएचयू के समन्वय एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञों से संवाद कर अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।

Leave a Comment