Nandi News

मऊ में एपेक्स हॉस्पिटल एवं आईएमए की सीएमई में चिकित्सा की अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवीन उपचार पद्धतियों पर चिकित्सीय कान्फ्रेन्स

Share on Social Media

  • लेजर प्रोस्टेट एवं पथरी सर्जरी, कैंसर की इम्यूनोथेरेपी एवं सटीक रेडियोथेरेपी, फैटी लिवर तथा ईसीजी पर विशेषज्ञों ने साझा की महत्वपूर्ण जानकारियाँ
  • मऊ निवासी माँ (डोनर) एवं 23 वर्षीय पुत्र (रिसीपेंट) ने मंच पर साझा किए एपेक्स हॉस्पिटल में हुए सफल किड्नी ट्रांसप्लांट के अनुभव

एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, वाराणसी तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), मऊ के संयुक्त तत्वावधान में आईएमए भवन में “एडवांसेज इन हेल्थ केयर” विषय पर सीएमई का आयोजन एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह, की अध्यक्षता में एवं आईएमए मऊ के अध्यक्ष डॉ. आर.के. अग्रवाल एवं एपेक्स के निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे तकनीकी विकास, नवीन उपचार पद्धतियों एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से मऊ एवं समीपवर्ती क्षेत्र के चिकित्सकों को अवगत कराते हुए बेहतर रोगी उपचार हेतु ज्ञान एवं चिकित्सकीय अनुभवों का आदान-प्रदान करना रहा।
वैज्ञानिक सत्र में एपेक्स के यूरोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार ने अत्याधुनिक लेजर तकनीक द्वारा न्यूनतम रक्तस्राव के साथ प्रोस्टेट सर्जरी एवं बिना बाहरी चीरे के पथरी के उपचार की आधुनिक पद्धतियों, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव गोस्वामी ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में हुए नवीन तकनीकी विकास, इम्यूनोथेरेपी एवं टार्गेटेड रेडियोथेरेपी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए व्यक्तिगत आवश्यकता के अनुरूप कैंसर उपचार के महत्व, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. एस.एस. परिहार ने मेटाबॉलिक डिसफंक्शन एसोसिएटेड वसायुक्त लिवर डिजीज (MASLD), जिसे सामान्यतः फैटी लिवर के नाम से जाना जाता है, के जोखिम कारकों, शीघ्र पहचान, संभावित जटिलताओं एवं आधुनिक चिकित्सकीय प्रबंधन पर जानकारी दी। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अकदस मुमताज ने ईसीजी की मूलभूत अवधारणाओं, उसकी सही व्याख्या एवं हृदय रोगों की समय पर पहचान में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर वैज्ञानिक प्रस्तुति दी।
आयोजन सचिव के रूप में आईएमए मऊ के सचिव डॉ. राहुल कुमार, एपेक्स की निदेशक एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल तथा आईएमए मऊ के क्लिनिकल सचिव डॉ. समीर सिंह की भूमिका रही। सीएमई का संयोजन एपेक्स मेडिकल एवं सोशल सर्विसेज विभाग के महाप्रबंधक अमित रंजन एवं सह-संयोजन प्रबंधक अश्विनी सिंह द्वारा किया गया।

Leave a Comment