Nandi News

लोकतरंग में दिखी गीत, संगीत एवं नृत्य की अद्भुत छटा

Share on Social Media

वार्षिकोत्सव ‘लोकतरंग’ 2026 में छात्र-छात्राओं ने रंगमंच पर बिखेरी विभिन्न विधाओं से सराबोर भारतीय संस्कृति, संगीत एवं नृत्य कला की इन्द्रधनुषी छटा।

“स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, गड़वाघाट, रमना वाराणसी के प्रांगण में वार्षिकोत्सव लोक तरंग-2026′ का भव्य शुभारंभ आज दिनांक 28/11/2026 दिन शनिवार को मुख्य अतिथि प्रो. आर.के. पटेल (विधि संकाय बी.एच.यू.) तथा विद्यालय के प्रबन्धक व सचिव बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने विद्यालय के प्रेरणास्रोत श्री श्री 1008 श्री स्वामी हरसेवानन्द जी महाराज परमहंस के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात समारोह में प्रधारे मुख्य अतिथि व समस्त गणमान्य अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षको द्वारा किया गया।

“सिखा दो ना हे मधुप कुमारी मुझे अपने मीठे गान” किसी कवि की इन पंक्तियों के बीच छिपी व्याकुलता आज विद्यालय के प्रांगण में उपस्थित हर शख्स के मन में तब उमड़ती-घुमड़ती महसूस की गयी जब विद्यालय के नटखट नौनिहालों ने अपना वार्षिकोत्सव लोक तरंग’ मनाते हुए ललित कला के विविध रंगो को सुरताल की इन्द्रधनुषी थाली में परोसा। सायं चार बजे के बाद ‘शशांक’ आकाश को छोड़कर ना जाने क्यों धरती पर उतर आना चाहता था। कुसुम अपने भीने-भीने परिमल से विद्यालय परिसर के प्रकोष्ठों को भी सुवासित कर रहा था। हर हृदय में तरंगे उठ रही थीं। ये विद्यालय मंदिर का प्रतीकात्मक लग रहा था तभी मलयानिल रूप में संतों का दर्शन और उनके मध्य हमारे हृदय और मानस को तृप्त करने वाले मुख्य अतिथि को देखते ही विद्यालय के प्रधानाचार्य के नेत्रों में ऐसी चमक दिखी जैसे ‘अखियाँ हरि दरसन की भूखी। समग्र भवन रोशनी तथा रंग-बिरंगे झालरों से शुशोभित हो अपना सौभाग्य मना रहा था, नभ-मण्डल के नक्षत्रगण एवं धरा के दीप भी बाट जोह रहे थे।

सर्वप्रथम विद्यालय की संस्कृति व सभ्यता का परिचय देते हुए छात्राओं द्वारा स्वागत गान एवं कुलगीत की प्रस्तुति ने ऐसी छटा बिखेरी कि दर्शक क्षण भर के लिए भी दीर्घा से न हटने की सौगंध लेकर बैठे दिखे, ऐसा लगा जैसे आज की संध्या देवी ने गीत-संगीत व लोक नृत्य की विविध विधाओं को समूचा अपने आँचल में भरकर सुरभित, शीतल बयार को सम्पूर्ण प्रांगण में बिखेर दिया हो, तदुपरांत प्रधानाचार्य सी.एस. सिंह परिसर में पधारे मुख्य अतिथि, समस्त गणमान्य आगन्तुकों, सम्मानित पत्रकार बन्धुओं, स्नेहिल अभिभावकों का हृदय से अभिनंदन करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि “आप जैसे विद्युत कणों को संचित करके ही हम ऊर्जावान होते हैं, और आपका आगमन हमारे इस बगिया को मकरंदित कर रहा है। आगे उन्होंने वार्षिक-विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि “यदि हृदय में सच्ची लगन, सत्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प हो तो पाषाण को फोड़कर सुगम रास्ते का निर्माण असंभव नहीं है।”

तत्पश्चात विद्यालय के नन्हें छात्र-छात्राओं द्वारा किड्स डान्स, ‘हम भारत के हैं’, छत्तीस गढ़ी, कव्वाली, भांगड़ा आदि की प्रस्तुति ने नवागन्तुकों को खूब गुदगुदाया तो वहीं राजस्थानी डांस, समूह नृत्य, कजरी छठ गीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर अपनी जगह पर थिरकने के लिए मजबूर कर दिया, तो इशरो-चन्द्रयान की अद्भुत प्रस्तुति पर समूचा प्रांगण करतल ध्वनियों से गुँजायमान हो उठा। कार्यक्रम में कव्वाली, कजरी, किड्स डान्स, इशरो-चन्द्रयान आदि की धूम रही।

मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रो. आर.के. पटेल (विधि संकाय, बी.एच.यू.) ने अपने वक्तव्य में बच्चों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ नृत्य संगीत कला व ज्ञान का जो संगम देखने को मिला वह अन्यत्र दुर्लभ है, यह सब गुरूजनों के द्वारा सतत परिश्रम व निष्ठा से दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के अन्त में मानसरोवर रूपी विद्यालय के हंसरूपी प्रबन्धक व सचिव बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर आभार व्यक्त किया और अपने आशीर्वचन में कहा कि “छात्र के अन्दर संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होना चाहिए, तभी छात्र अधिक से अधिक प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेंगे तथा समाज व देश के लिए अपनी भूमिका तैयार करेंगें।”

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ.ए.के. चौबे (बनपुरवा), ए.के. वर्मा (चुर्क विद्यालय), आर. के. गुप्ता (चुर्क महाविद्यालय), एन.के. श्रीवास्तव (घोरावल) रचना अग्रवाल (जगतगंज), छात्रावास अधीक्षक एम.एस. यादव आदि उपस्थित रहे और छात्रा आयुषी तथा आदित्य ने संयुक्त रूप से मंच संचालन का कार्य किया।

Leave a Comment