
• सियोल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं दीपावली समारोह में भारतीय कलाकारों ने प्रस्तुत की संगीत और संस्कृति की समृद्ध विरासत
वाराणसी, 17 नवंबर, 2026। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में भारतीय शास्त्रीय संगीत, गायन, वादन और सांस्कृतिक परंपराओं की विशिष्ट छाप देखने को मिली। बनारस की समृद्ध सांगीतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करते हुए काशी के कलाकारों ने भारतीय संगीत और संस्कृति का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान रामायण के केवट संवाद प्रसंग की रागात्मक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
12 एवं 13 नवंबर, 2026 को दक्षिण कोरिया के सियोल स्थित हानकुक विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग एवं भारतीय अध्ययन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘अंतर-एशियाई संपर्क : नए परिप्रेक्ष्य’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में संगीत एवं मंच कला संकाय के प्रो. डॉ. रामशंकर ने ‘संगीत रामायण : रागों के माध्यम से रामकथा के केवट संवाद प्रसंग की भावाभिव्यक्ति’ विषय पर प्रदर्शनात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय रागों के माध्यम से रामकथा के भावपूर्ण केवट संवाद प्रसंग को संगीतमय अभिव्यक्ति प्रदान की।
इसी क्रम में डॉ. कुमार अम्बरीष चंचल ने ‘उत्तर भारतीय शास्त्रीय गायन परंपराएँ एवं किराना घराने की गायकी का विशेष संदर्भ’ विषय पर उत्तर भारतीय शास्त्रीय गायन परंपरा एवं किराना घराने की विशिष्ट गायकी का परिचय दिया। डॉ. मधुमिता भट्टाचार्य ने ‘बनारस की संगीत परंपरा : एक झलक’ विषय के माध्यम से बनारस की समृद्ध संगीत परंपरा और उसकी विशिष्ट सांगीतिक विरासत को प्रस्तुत किया।
डॉ. राकेश कुमार ने ‘बाँसुरी पर शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत का समन्वय : सौंदर्यात्मक आयाम एवं कलात्मक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर बाँसुरी के माध्यम से शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत के सौंदर्यात्मक पक्षों को रेखांकित किया। वहीं, डॉ. चंदन विश्वकर्मा ने ‘तबला एवं पाश्चात्य तालवाद्यों में लय, ध्वनि और अभिव्यक्ति : एक तुलनात्मक संगीतशास्त्रीय अध्ययन’ विषय पर तबले एवं पाश्चात्य तालवाद्यों की लय, ध्वनि और वादन शैली का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, वाराणसी की डॉ. वेणु वनिता ने ‘परिवर्तन की गूँज : एशिया में सांगीतिक संबंधों को नई दिशा देने वाली भारतीय महिला तबला वादक’ विषय पर भारतीय महिला तबला वादकों के योगदान तथा एशिया में संगीत संबंधों को नई दिशा देने में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
संगोष्ठी में सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहना मिली तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी प्रतिभागियों को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
इस सांस्कृतिक यात्रा की अगली कड़ी में 15 नवंबर, 2026 को आयोजित ‘दीपावली महोत्सव 2026 : प्रकाश पर्व, भारत के कलाकारों के साथ उत्सव’ कार्यक्रम में भारतीय कलाकारों ने गायन एवं वादन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर डॉ. रामशंकर, डॉ. कुमार अम्बरीष चंचल, डॉ. मधुमिता भट्टाचार्य, डॉ. राकेश कुमार एवं डॉ. चंदन विश्वकर्मा ने भारतीय शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत, तबले की थाप और बाँसुरी की मधुर स्वर लहरियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय संगीत की विविध परंपराओं से परिचित कराया।
इन प्रस्तुतियों में भारतीय संगीत की आध्यात्मिकता, भावात्मक गहराई, लयात्मक सौंदर्य और सांस्कृतिक एकात्मता का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने दक्षिण कोरिया में भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं का संदेश पहुँचाया।
भारतीय कलाकारों की इन प्रस्तुतियों ने न केवल बनारस की गौरवशाली संगीत परंपरा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई, बल्कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच अकादमिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने में भी योगदान दिया। यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत भाषा एवं भौगोलिक सीमाओं से परे विश्वभर के लोगों को जोड़ने की क्षमता रखते हैं।