Nandi News

बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल ने अंतर–विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में हासिल किया तृतीय स्थान

Share on Social Media

वाराणसी। खेल के मैदान पर एक बार फिर बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी, पड़ाव, वाराणसी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

द लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल, सारनाथ में आयोजित अंतर-विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले काफी रोमांचक रहे। बाल विद्यालय की टीम ने शुरू से ही आक्रामक और अनुशासित खेल का परिचय दिया।

खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल भावना, टीम भावना, अनुशासन और अद्भुत संघर्ष क्षमता से दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त तालमेल देखने को मिला। हर खिलाड़ी ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।

यही कारण रहा कि टीम ने कठिन मुकाबलों में भी हार नहीं मानी और अंततः तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक मुकुल पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में खेलों को पढ़ाई के साथ समान महत्व दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

वहीं प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने कहा कि खिलाड़ियों ने विद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत से ही यह सफलता मिली है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment