Nandi News

GST अधिकारी के ससुराल में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, 200 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचे 4 शातिर चोर

Share on Social Media

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में जीएसटी अधिकारी के ससुराल में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी और शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-हीरे के गहने, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मेरठ में जीएसटी कमिश्नर पद पर तैनात अधिकारी के ससुर विनोद कुमार का शिवपुर स्थित मकान 1 जून को परिवार के बिहार जाने के दौरान बंद था। इसी दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर करोड़ों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

डीसीपी वरुण प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने क्षेत्र के करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल, रोहित पाल, अमन सेठ और यश सिंह शामिल हैं, जबकि चित्रांश उर्फ चीकू अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि चित्रांश उर्फ चीकू इस चोरी का मास्टरमाइंड था। उसने वारदात के लिए चंदौली से चोरी की गई बाइक उपलब्ध कराई थी, जिसे घटना के बाद मिर्जापुर में छोड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 900 ग्राम सोना, डायमंड की बालियां, चैन, अंगूठियां और 4.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। विशाल पर 15 और यश सिंह पर 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन सेठ चोरी के माल को गलाकर ठिकाने लगाने का काम करता था।

इस हाई-प्रोफाइल चोरी के खुलासे से वाराणसी पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी जांच और सतर्कता का परिचय दिया है।

Leave a Comment