Nandi News

घमहापुर मॉब लिंचिंग केस में बड़ा एक्शन: मनीष सिंह हत्याकांड के दो और आरोपी गिरफ्तार, DCP नीतू कादयान की सख्त मॉनिटरिंग से अपराधियों में मचा हड़कंप

Share on Social Media

विजय लक्ष्मी तिवारी

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में सड़क हादसे के बाद हुए चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना फूलपुर की गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कठिराव तिराहे के पास से राजेश प्रजापति और बृजेश प्रजापति को दबोच लिया। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।

बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल 2026 को घमहापुर गांव में एक अनियंत्रित कार से महिला को टक्कर लगने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा था। आरोप है कि भीड़ ने कार चालक मनीष सिंह को घेरकर बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के परिजनों की तहरीर पर फूलपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस हाईप्रोफाइल मामले की मॉनिटरिंग खुद डीसीपी गोमती जोन लेडी सिंघम श्रीमती नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्री नृपेन्द्र कुमार द्वारा लगातार की जा रही थी। डीसीपी नीतू कादयान की सख्त निगरानी और आक्रामक रणनीति का ही असर रहा कि एक-एक कर आरोपी पुलिस गिरफ्त में आते चले गए। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने लगातार दबिश, तकनीकी सर्विलांस और एसओजी की मदद से ऑपरेशन चलाया। फरार आरोपियों पर पहले ₹25 हजार और बाद में ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

इससे पहले पुलिस 04 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं फरार आरोपियों को पनाह देने वाले कई लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। 04 मई को पुलिस मुठभेड़ में दो ₹50-50 हजार के इनामी आरोपी आशीष राजभर और मनीष राजभर को भी गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए थे। लगातार पुलिस दबाव के चलते 08 मई को दो अन्य इनामी आरोपियों नागेंद्र राजभर और गोविंद राजभर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।

अब ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपी—

  • राजेश प्रजापति (33 वर्ष)
  • बृजेश प्रजापति (30 वर्ष)
    दोनों निवासी ग्राम घमहापुर, थाना फूलपुर, वाराणसी हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल बाकी फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

DCP नीतू कादयान बनीं सख्त कार्रवाई का चेहरा

घमहापुर हत्याकांड में जिस तेजी से पुलिस ने कार्रवाई की, उसने साफ कर दिया कि डीसीपी गोमती जोन श्रीमती नीतू कादयान अपराध और भीड़तंत्र के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही हैं। लगातार मॉनिटरिंग, टीमों की जवाबदेही तय करना और फरार अपराधियों पर इनाम घोषित कराने जैसी रणनीतियों ने पुलिस कार्रवाई को धार दी। यही वजह रही कि एक-एक कर आरोपी या तो गिरफ्तार हुए या फिर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने को मजबूर हो गए।

Leave a Comment