Nandi News

नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में ‘मातृ दिवस 2026: स्नेह का दर्पण मेरी मां’ कार्यक्रम का आयोजन।

Share on Social Media

9 मई,2026

नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसवाही स्थित परिसर में ‘मातृ दिवस 2026: स्नेह का दर्पण मेरी मां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि श्रीमती आराधना राय तथा मुख्य अतिथि श्रीमती रेनू राय, श्रीमती श्रद्धा राय, श्रीमती सपना राय एवं वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह के कर कमलों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
यह कार्यक्रम सभी माताओं को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया, जिसमें माता अभिभावकों की गरिमामय उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत अभिनंदन शिक्षिका श्रीमती अर्चना रायजादा ने किया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से माताओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, खेल गतिविधि तथा रैंप वॉक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें माता अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं के बीच एक विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई तथा इनमें से विजयी प्रतियोगी माता को ‘स्टार मदर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार दिया गया। सभी प्रतियोगी माताओं को विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं उपहार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती रेनू राय ने अपने विचार अवलोकित करते हुए कहा कि “मां एक ऐसा रिश्ता है जो निश्छल प्रेम और समर्पण का प्रतीक होता है। विद्यालय परिवार ऐसी माताओं के योगदान की सराहना करता है जो अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए हमेशा जागरूक और तत्पर रहती हैं।”
इस कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें वैष्णवी, कृति, कवीश, अंश, अनन्या, अक्षिता तथा अन्य बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक एवं भाषण के माध्यम से मां के प्रति कृतज्ञता के भाव प्रदर्शित किए। सभी ने कार्यक्रम का खूब आनंद उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका सुश्री अनुपम श्रीवास्तव, सुश्री शेफाली पटेल, सुधा मालवीय एवं सुश्री शिवांगी शुक्ला की विशेष सहभागिता रही। मंच संचालन सुश्री यशी पांडे एवं श्रीमती अंजू सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Comment