
वाराणसी।स्वामी शिवानंद महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा समारोह का शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के बीच भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ साधु-संतों, विद्यार्थियों एवं जरूरतमंदों की सेवा कर गुरु भक्ति और मानव सेवा का संदेश दिया गया।
समापन दिवस की शुरुआत सत्यनारायण पूजा, गुरु पूजा, हवन एवं आरती के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर स्वामी शिवानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में स्वामी शिवानंद महाराज के साथ भक्तों के आध्यात्मिक अनुभवों को संकलित कर तैयार की गई पुस्तक ‘गुरुकृपा कथामृतम्’ वॉल्यूम-1 का विमोचन किया गया। आश्रम प्रमुख मामानी दी एवं अयोध्या से आए मुख्य अतिथि राम भद्र दास (बालक बाबा) ने पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में भक्तों के अनुभवों एवं गुरु कृपा से जुड़े संस्मरणों को स्थान दिया गया है।
समारोह के दौरान वाराणसी के विभिन्न आश्रमों से आए 100 से अधिक साधु-संतों की सेवा कर उन्हें प्रसाद वितरित किया गया। वहीं धर्मसंघ के 100 से अधिक ब्राह्मण विद्यार्थियों को प्रसाद एवं उपहार प्रदान किए गए। इसके अलावा 100 से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की भी सेवा की गई और उन्हें प्रसाद एवं उपहार दिए गए।
शाम के आध्यात्मिक कार्यक्रम में वृंदावन के प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता भागवत प्रभु ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया। इसके बाद सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने भजन संध्या प्रस्तुत कर समारोह को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर तक भावविभोर होकर झूमते रहे।
तीन दिवसीय समारोह का समापन गुरु भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सेवा भावना के संदेश के साथ हुआ। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनिरुद्ध गायेन, हिरण्यमय मुखर्जी, शिप्रा देवी, तंद्रा कुंडू, पुरुषोत्तम भट्टाचार्य, अरुणिमा भट्टाचार्य, सर्मिला सिन्हा, संजय सर्वज्ञ सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
