Nandi News

सिगरा थाने में सांसद पप्पू यादव के विरुद्ध तहरीर, कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग

Share on Social Media

वाराणसी, 01 अगस्त 2026
आज साधना सनातन दल एवं हिंदू युवा वाहिनी, वाराणसी जिला के पदाधिकारियों ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के विरुद्ध सिगरा थाने में तहरीर देकर उनके खिलाफ विधिसम्मत एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

साधना सनातन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य ने कहा कि सनातन धर्म करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और किसी भी व्यक्ति द्वारा सनातन परंपरा, देवी-देवताओं अथवा धार्मिक भावनाओं का अपमान करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म विशेष की भावनाओं को आहत करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगा।

हिंदू युवा वाहिनी, वाराणसी जिला के अध्यक्ष समर बहादुर सिंह ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है, जहां देश की जनता के कर से संचालित व्यवस्था चलती है। ऐसे पवित्र मंच से किसी भी प्रकार का ऐसा आचरण, जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से गरिमापूर्ण एवं जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से दीपक गुप्ता, नरेंद्र सेठ, अंशु गुप्ता, शकुंतला प्रजापति, सोनू सिंह, विशाल सिंह, सुनीता सोनी एवं गणेश जायसवाल उपस्थित रहे।

Leave a Comment