
वाराणसी। छात्राओं को रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिनांक 12 मई 2026, मंगलवार को सनबीम विमेंस कॉलेज वरुणा के प्रांगण में “कैंपस मेगा प्लेसमेंट कार्निवल 2026” का भव्य आयोजन किया गया। यह प्लेसमेंट ड्राइव कॉलेज परिसर स्थित मेलोडी हॉल में प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुआ। इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं निजी क्षेत्र की कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइम इंस्टीट्यूट, फ्लीटब्लू, लेमिनएआई, जैन एंड कंपनी, चेतमणि ऑर्नामेंट्स एंड ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड, टाटा कैंसर, वीआईएमएस तथा अनंता काशी होटल सहित कंपनियां प्रमुख रही। प्लेसमेंट ड्राइव के अंतर्गत छात्राओं के लिए विभिन्न आकर्षक पदों जैसे रिलेशनशिप ऑफिसर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, ऑपरेशन्स एग्जीक्यूटिव, जूनियर अकाउंटेंट, एजुकेशन काउंसलर आदि हेतु चयन प्रक्रिया आयोजित की गयी। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार को शामिल किया गया, जिनके माध्यम से छात्राओं ने अपनी योग्यता, संप्रेषण कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ उद्योग जगत की व्यावहारिक आवश्यकताओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। संस्थान का उद्देश्य छात्राओं को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सफल एवं आत्मनिर्भर करियर के लिए भी तैयार करना है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव सिंह एवं प्रबंधन समिति ने सभी प्रतिभागी कंपनियों का स्वागत करते हुए कहा कि सनबीम विमेंस कॉलेज वरुणा भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि छात्राओं को अधिकाधिक करियर के अवसर प्राप्त हो सकें और वे आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सके। कॉलेज की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शालिनी सिंह ने कहा कि यह प्लेसमेंट ड्राइव अंतिम वर्ष की छात्राओं, उत्तीर्ण छात्राओं तथा बाहरी अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर सिद्ध होगा।
