
वाराणसी
भारती अप्रोचिंग टुमॉरो फाउंडेशन द्वारा सीएचएस बॉयज़ स्कूल, वाराणसी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “बाल शिक्षा, नशा मुक्ति एवं करियर काउंसलिंग” विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम फाउंडेशन के निदेशक श्री त्रिपुरारी कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती स्वाति अग्रवाल एवं संस्था की कार्यक्रम समन्वयक सुश्री अर्चना सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व, नशीले पदार्थों एवं शराब के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता तथा भविष्य के लिए सही करियर चयन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के इंटर्न उत्सव तिवारी एवं अनुराग तिवारी ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, नशे से दूर रहने तथा शिक्षा को सफलता का सबसे सशक्त माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समन्वयक सुश्री अर्चना सिंह ने भी विद्यार्थियों से सत्र में प्राप्त सीख को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त किया। अंत में विद्यालय परिवार ने भारती अप्रोचिंग टुमॉरो फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं विद्यार्थी-केंद्रित कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।