Nandi News

बीएचयू में पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों की लगभग 85% सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया हुई पूर्ण

Share on Social Media

वाराणसी, 03 अगस्त, 2026: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर एवं राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (आरजीएससी) में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की लगभग 85 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। विश्वविद्यालय अब पीजी प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में है।

विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की 6000 से अधिक सीटों पर प्रवेश के लिए चार नियमित काउंसलिंग राउंड तथा उसके उपरांत दो स्पॉट राउंड आयोजित किए। स्पॉट राउंड 23 जुलाई, 2026 को संपन्न हुआ। इस दौरान नए अभ्यर्थियों को भी पंजीकरण का मौक़ा दिया गया था, जिससे वे अभ्यर्थी, जो पूर्व में किसी कारणवश प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे, उन्हें भी प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ।

अधिक अभ्यर्थियों को अवसर देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय 7 अगस्त, 2026 को मॉप-अप राउंड आयोजित करेगा। इस राउंड में अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र ऑफलाइन माध्यम से निर्धारित स्थल पर जमा करने होंगे।

विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं विभागों में उपलब्ध रिक्त सीटों का विवरण अलग से जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारणी, रिक्त सीटों के विवरण तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए समय-समय पर बीएचयू प्रवेश पोर्टल admission.bhu.ac.in का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Comment