Nandi News

एक दिन में 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सनातन एकता का दिया संदेश

Share on Social Media


वाराणसी। सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज में धार्मिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से सेंटर फॉर सनातन रिसर्च ट्रस्ट एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय ’12 ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नगर भ्रमण के साथ विभिन्न शिवालयों में दर्शन-पूजन किया और विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
यात्रा का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान एवं हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ हुआ। भगवा ध्वज और सनातन संस्कृति के प्रतीकों के साथ निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ सभी निर्धारित ज्योतिर्लिंग स्वरूपों की परिक्रमा कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सेंटर फॉर सनातन रिसर्च ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक द्विवेदी (गणेश) ने कहा कि भारत सनातन संस्कृति का केंद्र है और देश के 12 ज्योतिर्लिंग श्रद्धा एवं आस्था के प्रमुख प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सनातन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा धार्मिक एकता का संदेश देना है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ महादेव, मल्लिकार्जुन महादेव, महाकालेश्वर महादेव, ओंकारेश्वर महादेव, वैद्यनाथ महादेव, भीमाशंकर महादेव, रामेश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव, श्री काशी विश्वेश्वर, त्र्यंबकेश्वर महादेव, केदारेश्वर महादेव तथा घुश्मेश्वर महादेव सहित 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूपों के दर्शन-पूजन किए। इसके उपरांत काशी विश्वनाथ धाम की परिक्रमा कर कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment