
‘किसलय – फ्राम रूट टू विंग्स – 2026’ भव्यता के साथ संपन्न
390 विद्यार्थियों की सहभागिता से सजा सांस्कृतिक समारोह; ‘कल आज और कल’ की थीम पर भारतीय संस्कृति, संस्कारों, परंपराओं एवं भविष्य की कल्पनाओं का हुआ जीवंत प्रदर्शन।
वाराणसी: सनबीम सनसिटी (स्कूल एंड हॉस्टल) के जूनियर स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘किसलय – फ्राम रूट टू विंग्स – 2026’ रविवार, 29 नवंबर को विद्यालय के जूनियर स्कूल एट्रियम में अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। ‘कल आज और कल’थीम पर आधारित इस समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं, वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत एवं राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर और लयबद्धता को समर्पित ऊर्जावान प्रस्तुति ‘तालवृन्द – द रीदम आफ नेशन’ से हुआ। इसके पश्चात ‘दीप प्रतिस्थापना’के माध्यम से ‘किसलय टैबल्यू’ का परिचय कराया गया, जिसने समारोह की मूल भावना जड़ों से जुड़कर नए क्षितिज की ओर बढ़ने के संदेश को अभिव्यक्त किया।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं सहायक निदेशिका श्रीमती प्रतिमा गुप्ता ने अपने स्वागत संबोधन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनकी रचनात्मकता और विद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे समग्र शैक्षिक वातावरण की सराहना की। इसके उपरांत विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालय की प्रगति को रेखांकित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘श्रृंखला – द बांड्स एक्रास टाइम’ के माध्यम से समय के साथ जुड़े रिश्तों और परंपराओं की महत्ता को दर्शाया गया, वहीं ‘वीरगाथा – द लिजेंड्स आफ ग्लोरी’ ने देश के वीरों के शौर्य, साहस एवं बलिदान को मंच पर जीवंत किया। ‘अंतर्दृष्टि – डिस्कवरिंग द सेल्फ’ ने आत्मबोध और स्वयं की पहचान के महत्व को उजागर किया। इसी क्रम में ‘नवचेतना – रेजोनिटंग चेंज’ ने परिवर्तन और नई सोच का संदेश दिया, जबकि ‘ॐ से ऊर्जा तक – द एसेंस आफ एनर्जी’ ने भारतीय आध्यात्मिक चेतना एवं ऊर्जा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। ‘नव निर्माण – बिल्डिंग टुमारो’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने एक बेहतर, रचनात्मक एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की कल्पना को साकार किया।
समारोह का एक विशेष आकर्षण अभिभावकों की सहभागिता रही, जिन्होंने भी मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह और आत्मीयता का नया रंग भर दिया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की इस संयुक्त भागीदारी ने विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत सहयोग एवं सहभागिता की भावना को भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक श्री हर्ष मधोक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। वहीं श्रीमती कामिका मधोक ने बच्चों के व्यक्तित्व विकास तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक एवं वाइस-चेयरपर्सन श्रीमती भारती मधोक ने भी अपने प्रेरक संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
‘किसलय – फ्राम रूट टू विंग्स – 2026’ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, संस्कारों और सामूहिक रचनात्मकता का उत्सव बनकर उभरा। इसने यह संदेश दिया कि मजबूत जड़ों और समृद्ध संस्कारों के साथ ही नई पीढ़ी भविष्य के नए आयामों को छू सकती है। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।