Nandi News

‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय एवं भारतीय मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण द्वारा संयुक्त किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Share on Social Media

मिर्जापुर के ग्राम नदिहारपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय एवं भारतीय मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण द्वारा संयुक्त किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

• मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा भूमि के वैज्ञानिक उपयोग के प्रति किसानों को किया गया जागरूक

‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत २५ नवम्बर २०२६ को ग्राम नदिहारपुर, पोस्ट राजगढ़, तहसील मड़िहान, जिला मिर्जापुर में भारतीय मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्री रविशंकर जी ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रगतिशील किसान श्री सीताराम सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों गणमान्य व्यक्तियों के मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग से संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, वैज्ञानिक मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा टिकाऊ भूमि उपयोग की विभिन्न वैज्ञानिक पद्धतियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. पी. के. शर्मा ने किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व एवं इसकी वैज्ञानिक प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने खेतों से मिट्टी के प्रतिनिधि नमूने एकत्रित करने की सही विधि, नमूनों की उचित तैयारी एवं उन्हें प्रयोगशाला तक भेजने की प्रक्रिया तथा मृदा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संतुलित उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के माध्यम से फसलों की पोषक तत्वों संबंधी आवश्यकताओं की पहचान की जा सकती है, संतुलित उर्वरक उपयोग से खेती की लागत कम की जा सकती है तथा लंबे समय तक मिट्टी की उर्वरता बनाए रखी जा सकती है।
डॉ. आशीष एम. लटारे ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों को रासायनिक आदानों पर निर्भरता कम करने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, जैव विविधता को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी समझाया।
डॉ. रामावतार मीना, मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग, कृषि विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने जैविक खेती के महत्व एवं इसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जैविक खाद, कम्पोस्ट, केंचुआ खाद, हरी खाद तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन से मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ाई जा सकती है तथा मृदा में सूक्ष्मजीवों की सक्रियता को प्रोत्साहित किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दी, जिससे मिट्टी की उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखने, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने तथा खेती को अधिक टिकाऊ एवं आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने में सहायता मिल सके।
डॉ. एस. एन. सिंह ने भूमि के वैज्ञानिक उपयोग के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भूमि की प्रकृति, मृदा की गुणवत्ता एवं कृषि भूमि की उत्पादन क्षमता के अनुरूप उपयुक्त फसलों के चयन तथा वैज्ञानिक भूमि उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि भूमि संसाधनों का विवेकपूर्ण एवं उचित उपयोग करके कृषि उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ भूमि क्षरण तथा मृदा स्वास्थ्य में गिरावट को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ कृषि एवं खाद्य सुरक्षा का आधार है। मृदा परीक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा भूमि के उचित वैज्ञानिक उपयोग को अपनाकर किसान कृषि उत्पादकता एवं अपनी आय में वृद्धि करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान श्री रविशंकर जी एवं प्रगतिशील किसान श्री सीताराम सिंह जी ने इस प्रकार के वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों को किसानों के लिए उपयोगी एवं महत्वपूर्ण बताया तथा कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी गई तकनीकी जानकारियों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।
यह संयुक्त पहल किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा कृषि भूमि एवं मृदा संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुई।

Leave a Comment