Nandi News

भारत अध्ययन केन्द्र एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में पन्द्रह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारम्भ

Share on Social Media



भारत अध्ययन को नई दिशा देने के लिए इसके व्यापक स्वरूप को विशिष्ट और केंद्रित विषयों में विकसित करने की आवश्यकता है— प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी
भारत अध्ययन की परम्परा को समग्र दृष्टि से समझने की आवश्यकता : प्रो. सिद्धार्थ सिंह


वाराणसी, 10.08.2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केन्द्र एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को “भारत अध्ययन की परम्परा : व्यक्ति, विचार और संस्थाएँ” विषय पर पन्द्रह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारम्भ किया गया। भारत अध्ययन केन्द्र, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परम्परा, दर्शन, साहित्य, कला, लोक परम्परा, संस्कृति, संस्थाओं एवं भारतीय मेधा के विभिन्न आयामों का समग्र अध्ययन और विमर्श करना है। कार्यशाला का आयोजन 10 से 31 अगस्त, 2026 तक हाइब्रिड माध्यम से किया जा रहा है।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने भारत अध्ययन से जुड़े केन्द्रों और संस्थाओं को मिलकर नई दिशा और दशा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे केन्द्रों का संचालन इस प्रकार होना चाहिए कि उनसे समाज और अकादमिक जगत को नई रोशनी और नए ज्ञान की प्राप्ति हो। साहित्य, कला, दर्शन, समाज और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों को अलग-अलग खाँचों में देखने के बजाय इनके अंतर्सम्बन्धों को समझते हुए सतत अध्ययन की आवश्यकता है।
प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि भारत अध्ययन से संबंधित संगोष्ठियों और कार्यक्रमों के विषयों को बहुत संकुचित दायरे तक सीमित नहीं रखना चाहिए। साहित्य, कला, दर्शन, समाज, संस्कृति और अन्य ज्ञान-विधाओं को समेकित रूप से देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यक्रमों के श्रोताओं और प्रतिभागियों में भी विविधता बढ़ाने पर बल दिया, ताकि विभिन्न पृष्ठभूमियों के लोग भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़ सकें। उन्होंने विशुद्ध भारतीय दृष्टिकोण के साथ कार्य और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर बल दिया। भारतीय ज्ञान परम्परा को आधुनिक संदर्भों से जोड़ते हुए उसके अध्ययन और प्रसार की नई संभावनाओं पर विचार करने की आवश्यकता है।
मुख्य वक्ता, नव नालंदा महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह, ने कहा कि भारत की परम्पराओं, संस्थाओं और व्यक्तियों के योगदान तथा भारतीय दर्शन को विश्व के सामने प्रस्तुत करने में भारत अध्ययन की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत अध्ययन अपने आप में अत्यंत व्यापक विषय है, जिसमें भारतीय ज्ञान-सम्पदा के विराट पक्षों को समाहित करने का प्रयास किया जाता है। भारत की ज्ञान परम्परा को समझने के लिए विभिन्न विषयों और अनुशासनों के बीच संवाद एवं समन्वय आवश्यक है।
प्रो. सिंह ने कहा कि भारत में बुद्ध के समकालीन अनेक दार्शनिक परम्पराओं और विचारधाराओं का उल्लेख मिलता है, जो भारतीय बौद्धिक परम्परा की व्यापकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में ज्ञान को विभिन्न विद्याओं के माध्यम से समझने की समृद्ध परम्परा रही है। नालंदा की परम्परा में शब्दविद्या, शिल्पविद्या, चिकित्सा विद्या, आध्यात्मिक विद्या सहित विभिन्न क्षेत्रों का अध्ययन किया जाता था। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञता आवश्यक है, लेकिन अत्यधिक संकुचित विशेषज्ञता ज्ञान की समग्रता को सीमित भी कर सकती है। इसलिए भारत अध्ययन के लिए अंतर्विषयी दृष्टिकोण आवश्यक है।उन्होंने कहा कि भारत अध्ययन केन्द्र को ऐसे ज्ञान-अंतरालों की तलाश करनी होगी, जिन्हें अन्य संकाय या विषय अभी तक पर्याप्त रूप से नहीं देख पाए हैं।
प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने भारतीय ज्ञान परम्परा के विकास में वाद-विवाद और संवाद की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय मेधा का विकास निरंतर प्रश्न, तर्क, विमर्श और संवाद की प्रक्रिया से हुआ है। भारत की ज्ञान परम्परा में विभिन्न मतों के बीच संवाद की समृद्ध परम्परा रही है। वर्तमान समय में भी ज्ञान के विकास के लिए विभिन्न विषयों के बीच संवाद और अंतर्विषयी दृष्टिकोण को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने भारत और भारतीय ज्ञान परम्परा के प्रति पश्चिमी जगत में उत्पन्न हुई जिज्ञासा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1785 में भगवद्गीता के अंग्रेजी अनुवाद और एशियाटिक सोसाइटी की स्थापना के बाद भारतीय ज्ञान परम्परा के अध्ययन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई गति मिली। उन्होंने भारतीय ज्ञान के प्रति पश्चिमी विद्वानों की रुचि के विभिन्न उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की ज्ञान-सम्पदा ने विश्व के अनेक विद्वानों को प्रभावित किया है।
प्रो. सिंह ने कहा कि भारत अध्ययन का उद्देश्य केवल अतीत की उपलब्धियों का गौरवगान करना नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परम्परा के उन पक्षों की पहचान करना भी है, जो वर्तमान और भविष्य के लिए उपयोगी हो सकते हैं।
कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने कहा कि भारत अध्ययन का कार्य “एकला चलो” का नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने का कार्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की जो छवि कभी-कभी भारतीय प्रवासी समुदाय अथवा कुछ बौद्धिक विमर्शों के माध्यम से प्रस्तुत होती है, वह वेदों और पुराणों में दिखाई देने वाली भारतीय संस्कृति की वास्तविक और व्यापक छवि से अलग हो सकती है। इसलिए भारतीय संस्कृति और ज्ञान परम्परा को उसके मूल स्रोतों और परम्पराओं के संदर्भ में समझने की आवश्यकता है।
भारत अध्ययन केन्द्र के समन्वयक प्रो. शरदिन्दु कुमार तिवारी ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारतीय प्राचीन विद्याओं के प्रचार-प्रसार और उनके शोध के उद्देश्य से भारत अध्ययन केन्द्र की स्थापना की गई है। केन्द्र अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए समय-समय पर इस प्रकार के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता
डॉ. अभिजीत दीक्षित, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, निदेशक वाराणसी, ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि लोक और शास्त्र भारत अध्ययन केन्द्र के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि भारत की परम्परा मूलतः समग्रता की परम्परा है, विभाजन की नहीं। भारतीय ज्ञान परम्परा में लोक और शास्त्र के बीच निरंतर संवाद रहा है और इसी समग्र दृष्टि के माध्यम से भारत को समझने की आवश्यकता है।
डॉ. दीक्षित ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से विभिन्न विभूतियों, व्यक्तियों, विचारों और संस्थाओं के माध्यम से भारत अध्ययन को समझने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध ज्ञान परम्परा को व्यापक संदर्भों में समझने, उसके विभिन्न आयामों पर शोध करने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने की दिशा में यह आयोजन एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यशाला में विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं भारत अध्ययन में रुचि रखने वाले प्रतिभागी हाइब्रिड माध्यम से शामिल हुए। पन्द्रह दिवसीय कार्यशाला में लगभग 123 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें 45 प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से तथा शेष प्रतिभागी ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता करेंगे; इस दौरान कुल 30 व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
द्वितीय सत्र के विशेष व्याख्यानों में प्रो. अवधेश प्रधान ने ‘‘पण्डित मदनमोहन मालवीय का भारत’’ तथा डॉ. पुनीत कुमार राय ने ‘‘स्वामी विवेकानन्द और भारत का सांस्कृतिक राष्ट्र बोध’’ विषय पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया।

Leave a Comment