
वाराणसी, 9 अगस्त। आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी, रामनगर, वाराणसी में शिक्षकों के लिए आज 6 दिवसीय टीचर्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ।
आज के कार्यक्रम का विषय “शोध-पत्र विकास एवं इम्प्लीमेंटेशन” रहा।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. मीनाक्षी सिंह, शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, कमच्छा, वाराणसी रहीं। उन्होंने शोध-पत्र लेखन एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शोध-पत्र के प्रकार, उसके प्रत्येक बिंदु पर विचार करने की प्रक्रिया तथा प्रोजेक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों के बारे में शिक्षकों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने शोध कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी बनाने के लिए व्यवस्थित अध्ययन, उचित विषय चयन तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए इस प्रकार के ओरिएंटेशन कार्यक्रम उनके शैक्षणिक एवं शोध कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय द्वारा मुख्य वक्ता प्रो. मीनाक्षी सिंह को अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत डॉ. लक्ष्मी द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरुण कुमार दुबे ने किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सहभागिता रही।