Nandi News

सेवानिवृत्ति पर भावुक माहौल, कनिष्ठ लिपिक शीतला प्रसाद को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई

Share on Social Media

वाराणसी। न्यू लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, मीरापुर बसही में रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग के वरुणापार जोन के कनिष्ठ लिपिक शीतला प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर माध्यमिक उच्च तकनीक एवं संयुक्त मेडिकल कॉलेज महासभा भारत के तत्वावधान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव एवं रविन्द्र कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में शीतला प्रसाद के सरल व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शीतला प्रसाद ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, जो सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक अंशुमान सौरभ मदन, अमित श्रीवास्तव, रिकू पाण्डेय, विनय श्रीवास्तव, अश्वनी उपाध्याय, सुनील सोनकर, इन्द्रजीत सिंह, कैलाश बाबू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शॉल, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
समारोह का संचालन महासभा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में शीतला प्रसाद ने सभी अतिथियों, सहकर्मियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने सेवाकाल के दौरान सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वह जीवनभर याद रखेंगे।

Leave a Comment