Nandi News

काशी में कलचुरि समाज का विराट शक्ति प्रदर्शन91वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से उमड़े हजारों सामाजिक बंधु, शिक्षा, रोजगार, राजनीति और संगठन सुदृढ़ीकरण पर हुआ मंथन

Share on Social Media

भोपाल/वाराणसी। अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरि महासभा के 91वें स्थापना दिवस एवं दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के अवसर पर शनिवार को धर्मनगरी वाराणसी में कलचुरि समाज की अभूतपूर्व एकजुटता देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों सामाजिक बंधु, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, महिला एवं युवा प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल हुए। वाराणसी स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित यह अधिवेशन समाज की एकता, संगठन और भावी दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक आयोजन बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे, राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एम.एल. राय, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय तथा राष्ट्रीय महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती पूनम गुप्ता चौधरी ने भगवान श्री सहस्त्रबाहु जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जय नारायण चौकसे के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश इकाई एवं राष्ट्रीय महिला इकाई के संयुक्त संयोजन में आयोजित अधिवेशन में शिक्षा, रोजगार, राजनीति, व्यवसाय, सामाजिक नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की सहभागिता तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन हुआ। इस अवसर पर महासभा की प्रतिष्ठित स्मारिका “सहस्रदीप” का विमोचन भी किया गया। खुला मंच आयोजित कर समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे तथा समाज के भविष्य को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि समाज हर स्थान पर संगठित होकर अपनी एकजुटता का परिचय देगा तो उसे राजनीति सहित प्रत्येक क्षेत्र में सम्मानजनक भागीदारी अवश्य मिलेगी। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद समाप्त कर संगठन को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को औजार बनकर समाजहित में कार्य करना चाहिए, न कि किसी के बहकावे में आकर समाज को विभाजित करने का माध्यम बनना चाहिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे ने भगवान श्री सहस्त्रबाहु जी के आदर्शों एवं महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा से भगवान के समक्ष एक दीपक भी प्रज्वलित करने पर उनकी कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सुखद संकेत बताते हुए कहा कि जिस समाज के कार्यक्रमों में मातृशक्ति सक्रिय रूप से सहभागी होती है, उसका भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल होता है।

राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एम.एल. राय ने महासभा की स्थापना, पंजीयन तथा संगठन की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए समाज के संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

अधिवेशन के दूसरे दिन 2 अगस्त को राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें संगठन सुदृढ़ीकरण, शिक्षा सुधार, युवा नेतृत्व विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता, व्यवसायिक उन्नयन तथा समाज के भावी विकास की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक सहभोज का आयोजन होगा तथा अतिथियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन की व्यवस्था भी की गई है।

कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अशोक राय ने बताया कि महासभा का स्थापना दिवस सामान्यतः 3 अगस्त को मनाया जाता है, किंतु इस वर्ष विशेष परिस्थितियों के कारण इसे 1 एवं 2 अगस्त को आयोजित किया गया है। देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था होटल योग रेजीडेंसी एवं होटल केवल पैलेस में की गई है।

सामाजिक चेतना और संगठन का राष्ट्रीय मंच

अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरि महासभा देश में कलचुरि समाज की सबसे प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक राष्ट्रीय संस्थाओं में से एक है। समाज सुधार, शिक्षा, संगठन और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में महासभा ने निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में “एक पहचान” अभियान तथा महेश्वर में प्रस्तावित भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन धाम के निर्माण जैसे ऐतिहासिक अभियानों का नेतृत्व महासभा कर रही है। इन दोनों राष्ट्रीय अभियानों में राष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

राष्ट्रीय स्तर की पहली पंजीकृत संस्था

इस वर्ष महासभा अपना 91वां स्थापना दिवस मना रही है, जबकि इसका इतिहास एक शताब्दी से भी अधिक पुराना है। राष्ट्रीय स्तर पर कलचुरि समाज की प्रथम पंजीकृत संस्था होने का गौरव भी इसी महासभा को प्राप्त है। आज यह संगठन देशभर में सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कृति और समाजोत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, राष्ट्रीय महासचिव एड. एम.एल. राय, जी.सी. जायसवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एल.एन. मालवीय, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, राष्ट्रीय सचिव कार्यालय एवं मीडिया प्रभारी हरीराम राय, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौकसे, वीरेंद्र पप्पू राय, राष्ट्रीय महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती पूनम गुप्ता चौधरी, प्रकाश राय, अश्वनी राय, राजेश राय सहित देशभर से आए हजारों स्वजातीय बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Comment