
तिथि: 30 जुलाई 2026
- समय: 4:30 PM
स्थानः कस्तूरी हॉल, होटल सूर्या, वाराणसी
इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी स्पार्कलिंग स्टार्स का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह कस्तूरी हॉल, होटल सूर्या, वाराणसी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट ट्रेज़रर डॉ. अनुराधा भाटिया (2026-27) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। क्लब की नई अध्यक्ष सुरभि मोदी, सचिव मंदाकिनी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनुजा बागला, आई.एस.ओ. शिवानी अग्रवाल तथा संपादक निहारिका देवांशी सहित समस्त पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा उन्हें कॉलर एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अध्यक्ष सुरभि मोदी ने कहा कि “इनर व्हील का मूल उद्देश्य सेवा, मित्रता और अंतरराष्ट्रीय समझ को बढ़ावा देना है। हमारा प्रयास रहेगा कि सेवा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता पहुँचाई जाए तथा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएँ।”
इंस्टॉलेशन के अवसर पर क्लब द्वारा तीन महत्वपूर्ण सेवा परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया-
- श्री हनुमान प्रसाद अंध विद्यालय, दुर्गाकुंड में अध्ययनरत बच्चों को उच्च गुणवत्ता की स्टील की पानी की बोतलें वितरित की गई, जिससे वे प्लास्टिक की बोतलों के स्थान पर सुरक्षित एवं टिकाऊ बोतलों का उपयोग कर सकें।
- कुष्ठ आश्रम, संकटमोचन में ड्रेसिंग रूम के लिए एक सीलिंग फैन स्थापित कराया गया तथा वहाँ रहने वाले लोगों को उनकी दैनिक आवश्यकताओं की सामग्री, जैसे साबुन, तेल, डिटर्जेंट एवं अन्य उपयोगी वस्तुएँ प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन को अधिक स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
- एक सरकारी विद्यालय की दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली दो मेधावी छात्राओं को उनकी आगे की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप प्रदान की गई, ताकि वे उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित हों और “बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ” के उद्देश्य को सशक्त बनाया जा सके।

क्लब द्वारा हाल ही में किए गए सेवा कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। रथयात्रा मेले में श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं शीतल जल वितरण किया गया तथा बच्चों को आइसक्रीम वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाई गई। क्लब ने डॉक्टर्स डे एवं सीए डे का भी आयोजन कर समाज के इन महत्वपूर्ण वर्गों का सम्मान किया। इसके अतिरिक्त, हिंदू अस्पताल में तीन आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए डायलिसिस की व्यवस्था कराई गई।
आगामी सेवा परियोजनाओं की घोषणा करते हुए अध्यक्ष सुरभि मोदी ने बताया कि क्लब द्वारा सावन माह में प्रत्येक सोमबार चौक क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रथयात्रा क्षेत्र में कांवड़ियों के लिए भोजन सेवा का आयोजन किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
क्लब शीघ्र ही एक ओल्ड एज होम में जाकर बुजुर्गों की सेवा करेगा, जहाँ उन्हें आवश्यक दवाइयों प्रदान की जाएँगी तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण हेतु एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 100 से 200 पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। क्लब ने वर्षभर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी प्रकल्पों को निरंतर संचालित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर बलब की आई.पी.पी. ईशा अग्रवाल, वर्ष 2025-26 की कोषाध्यक्ष वर्तिका अग्रवाल, अनुजा अग्रवाल, गुंजा, शेफाली, नेहा चार्टर प्रेसिडेंट मानसी, सहित क्लब की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं। समारोह में विभिन्न क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, पी.डी.सीज़, डिस्टिक्ट कोऑर्डिनेटर्स एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दी और क्लब की सेवा भावना की सराहना की।
