
कोइराजपुर स्थित संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा – 2026 के अंतर्गत कक्षा 10 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई तथा मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत (100%) अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में लगभग 200 से अधिक विद्यार्थियों को 90% से अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। इन उपलब्धियों ने न केवल विद्यालय का मान बढ़ाया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने अपने कर कमलों से विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों के चेहरे पर गर्व और संतोष स्पष्ट झलक रहा था। यह क्षण उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।
अपने उद्बोधन में सचिव श्री राहुल सिंह ने कहा, “परिश्रम और अनुशासन से प्राप्त सफलता ही स्थायी होती है। हमारे विद्यार्थी इसी मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहें, यही हमारी अपेक्षा है।”
निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने कहा, “शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। आज के ये मेधावी छात्र इसी दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण हैं।”
प्रधानाचार्य डॉ. नीलम सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “आपकी उपलब्धियाँ आने वाले विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक हैं। पर अभी यह मंजिल नहीं है आपको और भी आगे बढ़ना है। आत्मविश्वास और सतत प्रयास से आप हर लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं।”
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया गया।