
वाराणसी। दिनांक 10 मार्च 2026 को पी.एम. श्री कंपोजिट विद्यालय परशुरामपुर, विकासखंड-नरायनपुर, जनपद-मिर्जापुर के लगभग 50 छात्र-छात्राओं का दल स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, बेनपुरवा, रमना, वाराणसी में शैक्षिक भ्रमण पर पहुँचा। यह भ्रमण ट्यूनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत दूसरी बार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षिक अनुभवों और अधिगम की नई विधियों का आदान-प्रदान करना था। ज्ञातव्य हो कि पहला भ्रमण 12 फरवरी को हुआ था, जिसमें विज्ञान, गणित और हिन्दी भाषा विषय पर आपसी संवाद आयोजित किया गया था।
विद्यालय पहुँचने पर अतिथि विद्यार्थियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा किया गया। इसके बाद छात्रों ने विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं, कक्षाओं तथा शैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पाठ्य-चर्या, संवादात्मक शिक्षण तथा अधिगम की नई-नई बारीकियों को समझा और आपस में अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के छात्रों ने पढ़ाई की नवीन तकनीकों, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा सहपाठी अधिगम से जुड़े विचारों का आदान-प्रदान किया। इससे बच्चों में सीखने की उत्सुकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला।
पी.एम. श्री विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष प्रसाद सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास तथा व्यापक शैक्षिक दृष्टिकोण प्राप्त होता है। भ्रमण के अंत में सभी छात्रों ने इस अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और अनुभवसमृद्ध साबित हुआ क्योंकि भाषा और तकनीकि विषयों की एक छोटी मौखिक परीक्षा भी हुयी। उसमें पाया गया कि परिवेश और संरचना का प्रभाव सीखने की प्रवृत्ति में सहायक सिद्ध हो रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० अजय कुमार चौबे, छात्रावास अधीक्षक ले० एम०एस० यादव (रि०) सहित सभी शिक्षकों एवं बच्चों ने सक्रियता से सहभागिता की। कार्यक्रम में पी.एम. श्री विद्यालय परशुरामपुर की शिक्षिका वन्दना सिंह, राजेश श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र यादव, अमरेश सिंह, जंगबहादुर यादव, सुरेन्द्र कुमार सिंह, रीता देवी इत्यादि लोगों की सहभागिता रही।