Nandi News

स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज परमहंस की 54वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित

Share on Social Media

संत का जीवन सार्थक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैः- प्रकाशध्यानानन्द

वाराणसी। स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में विद्यालय के प्रेरणास्रोत परमपूज्य स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज परमहंस की 54 वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का प्रारम्भ प्रार्थना सभा, भजन तथा संत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। ज्ञातव्य हो कि स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज परमहंस संत मत अनुयायी आश्रम मठ गड़वाघाट आश्रम के दूसरे गद्दी के पीठाधीश्वर थे। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज परमहंस के आदर्शमय जीवन, उनकी शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। प्रार्थना सभा को सम्बोधित करते हुए प्रबन्धक प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि संत का जीवन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज में सेवा, करूणा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की स्थापना का मार्ग भी प्रशस्त करता है। तथा उनकी शिक्षाओं को समाज हित में अपनाकर जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामीजी की शिक्षाएँ आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है। यदि हम उनके जीवन मूल्यों मानव सेवा, सदाचार, समरसता और शिक्षा के प्रसार, को अपने जीवन में उतारें, तो समाज में समकारात्मक परिवर्तन सम्भव है।

विद्यालय प्रबन्धन ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संत के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यो को भी अपने जीवन का आधार बनायें, ताकि समाज में जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण हो सके। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने संत की स्मृति में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके दिखाये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उक्त अवसर पर गड़वाघाट शाखा के प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह, बनपुरवां शाखा के प्रधानाचार्य डा० अजय कुमार चौबे, जगतगंज शाखा की प्रधानाचार्या रचना अग्रवाल, बीना उपाध्याय, छात्रावास अधीक्षक ले० एम०एस० यादव (रि०) सहित सभी शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment