लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में प्रतापगढ़ में शाम 5 बजे तक 49.5 % मतदान की खबर आयी है। बी जे पी सांसद प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता ने लोकतंत्र के उत्सव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने भी वोट डाला। सुबह से ही लोग अपने मतदान केंद्र पर पहुंचने लगे थे। पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे युवकों एवं युवतियों में अच्छा खासा उत्साह नजर आया। राजे-रजवाड़ों की धरती प्रतापगढ़ अब तक राजनीति के कई रंग देख चुकी है। इसे अवध क्षेत्र का प्रवेश द्वार माना जाता है। आजादी के आंदोलन में भी इस क्षेत्र का बड़ा नाम रहा है। राजनीति में यहां से निकले कई चेहरे पूरे देश में चमके। इस बार चुनावी लड़ाई कांटे की है। भाजपा के सामने साख बचाने की चुनौती है। इस बार आम चुनाव में भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता के सामने समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल एवं बसपा ने युवा प्रथमेश मिश्र सेनानी को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। आमतौर पर मुद्दे दरकिनार हैं। विकास की चर्चा होती है तो जातीय समीकरण की भी।
प्रतापगढ़ से मुकेश कुमार मिश्र की रिपोर्ट
