
आज दिनंाक 25 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के द्वारा वाराणसी में एक वृहद एवं प्रभावशाली रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें वाराणसी, मिर्जापुर एवं प्रयागराज मण्डलों के समस्त 11 जनपदों के उ0प्र0कौशल विकास मिशन, डी0डी0यू0जी0के0वाई0, आई0टी0आई0 एवं सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियो द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा कौशल और रोजगार के मध्य सशक्त समन्वय स्थापित करना रहा।
इस रोजगार मेले में कुल 127 राष्ट्रीय एवं अन्र्तराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में 4,329 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, तथा चयन प्रक्रिया के उपरांत 3,467 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे उन्हें तत्काल रोजगार प्राप्ति का अवसर मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती पूनम मौर्य, मा0 अध्यक्ष, जिला पंचायत वाराणसी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री हंसराज विश्वकर्मा, मा0 सदस्य,विधान परिषद उ0प्र0 एवं श्री दीपक कुमार बजाज, उपाध्यक्ष, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं गणमान्य अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र प्रदान करके किया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा अपने संबोधन में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुये कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु संकल्पित है।
रोजगार मेले के दौरान अभ्यर्थियों को न केवल विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए, बल्कि उन्हें करियर परामर्श, कौशल उन्नयन एवं उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। रोजगार मेला में इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिकल, आटोमोबाइल,फुड प्रोसेसिंग, हेल्थ केयर, आई0टी0, बैंकिंग, लाजिस्टिक्स एवं रिटेल सेक्टर की कम्पनियों ने प्रतिभाग करते हुये जाॅब आफर किया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला प्रदेश में मांग-आधारित कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने तथा युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल सिद्ध हो रहा है।
आयोजित रोजगार मेला में मिशन मुख्यालय द्वारा नोडल अधिकारी के रूप में नामित डा0एम0के0सिंह, सहायक निदेशक उ0प्र0कौशल विकास मिशन लखनऊ,डा0 के0एम0सिंह,संयुक्त निदेशक प्रशि0/शि0 वाराणसी मंडल , श्री एम0के0 सिंह,जिला समन्वयक/प्रधानाचार्य आई0टी0आई0 करौंदी, श्री चन्दन पाण्डेय, श्री राजु पटेल एवं श्री अमर कौशल, राज्य कार्यक्रम प्रबन्धक डीडीयू जीकेवाई,तकनीकी सहयोग के लिये ई0एण्ड वाइ0 के प्रतिनिधि तथा तीनों मण्डलों के डीपीएमयू टीम एवं आई0टी0आई0 के लोग उपस्थित रहे।
